देश ने हासिल की सौ करोड़ टीकाकरण की महत्वपूर्ण उपलब्धि, देश भर में जश्न

कोरोना टीकाकरण अभियान में देश ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए 100 करोड़ का महत्वपूर्ण आंकड़ा पार कर लिया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस अवसर पर देशवासियों को बधाई दी और इस शानदार उपलब्धि को प्राप्त करने की दिशा में काम करने के लिए देश के वैज्ञानिक समुदाय और स्वास्थ्य पेशेवरों का आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट संदेश में कहा, "भारत ने इतिहास रचा। हम 130 करोड़ भारतीयों के विज्ञान, उद्यम और उनकी सामूहिक भावना कीविजय देख रहे हैं। 100 करोड़ टीकाकरण को पार करने पर भारत को बधाई। हमारे डॉक्टरों, नर्सों और इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए काम करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार।" केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने भी इस उपलब्धि पर देश को बधाई दी।

देश में पिछले 24 घंटे में 17,561 रोगियों के स्वस्थ होने से कुल मिलाकर अब तक ठीक हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 3,34,95,808 हो गई है। इससे रिकवरी की दर 98.15 प्रतिशत हो गई है। यह दर मार्च 2020 के बाद अपने उच्चतम स्तर पर है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 18,454 नए मामले सामने आए हैं। देश भर में पिछले 24 घंटे में कुल 12,47,506 नमूनों की जांच की गई। अब तक 59.57 करोड़ से अधिक नमूनों की जांच की गई है। 


केंद्र सरकार द्वारा ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को टीके की 103.5 करोड़ से अधिक खुराकें उपलब्ध कराई हैं। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अब भी टीके की 10.85 करोड़ से अधिक खुराकें उपलब्‍ध है, जिन्हें लगाया जाना है। 

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने 100 स्मारकों को तिरंगे के रंग से जगमगाया दुनिया के सबसे बड़े और सबसे तेज टीकाकरण अभियान में से एक में लोगों को 100 करोड़ खुराक देने का ऐतिहासिक मुकाम हासिल करने पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) देश भर में 100 स्मारकों को तिरंगे के रंग में रोशन कर दिया। 





ऐसा कोरोना योद्धाओं के सम्मान और कृतज्ञता के प्रतीक के रूप में किया गया है जिन्होंने कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में अथक योगदान दिया है। तिरंगे के रंगों में रोशन किए गए 100 स्मारकों में यूनेस्को के विश्व धरोहर स्थल- दिल्ली में लाल किला, हुमायूं का मकबरा और कुतुबमीनार, उत्तर प्रदेश में आगरा का किला और फतेहपुर सीकरी, ओडिशा में कोणार्क मंदिर, तमिलनाडु में ममल्लापुरम रथ मंदिर, गोवा में सेंट फ्रांसिस ऑफ असीसी चर्च, मध्य प्रदेश में खजुराहो, राजस्थान में चित्तौड़ और कुंभलगढ़ के किले, बिहार में प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के अवशेष और गुजरात में धोलावीरा शामिल हैं। 

टीके की 100 करोड़ खुराक देने का ऐतिहासिक मुकाम हासिल करने के उपलक्ष्य और कोरोना योद्धाओं- टीकाकरण कर्मियों, स्वच्छता कर्मचारी, पैरामेडिकल, सहायक कर्मचारी, पुलिस कर्मियों आदि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए 100 स्मारक 21 अक्टूबर को रात को तिरंगे के रंगों में जगमगाते रहेंगे। कोरोना टीके की 100 करोड़ खुराक देने के बाद भारत चीन के साथ एक अरब खुराक देने वाला दुनिया में केवल दूसरा देश बन गया है।

No comments:

Post a Comment